दुतकैया में हिंसा के बाद तनाव, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हालात नियंत्रण में

न्यूज पढ़ें और दोस्तों के साथ शेयर करें







डोमन साहू न्यूज़ रिलीज़ राजिम।  थाना राजिम क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुतकैया (खपरी) में पुरानी रंजिश को लेकर हुई लगातार आपराधिक घटनाओं के बाद शनिवार को गांव में तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई। हालांकि पुलिस की त्वरित और सख्त कार्रवाई से हालात पर काबू पा लिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2024 में ग्राम दुतकैया स्थित पुराने तालाब के बावेश्वर शिव मंदिर में तोड़फोड़ की घटना को लेकर थाना राजिम में अपराध क्रमांक 173/24 धारा 295, 427, 201, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस प्रकरण में आरोपी आरिफ खान को पूर्व में बाल सुधार गृह माना भेजा गया था, जो जमानत पर रिहा हुआ था।

दिनांक 01 फरवरी 2026 को आरोपी आरिफ खान ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग लोगों के साथ मारपीट, गाली-गलौच, धमकी और लूट की घटनाओं को अंजाम दिया।

इन घटनाओं के संबंध में थाना राजिम में अपराध क्रमांक 25/2026, 26/2026 एवं 27/2026 सहित कई प्रकरण बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किए गए।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपराध दर्ज होने के तीन घंटे के भीतर फरार आरोपियों की लोकेशन उन्हें अभिरक्षा में ले लिया और वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की।

इधर घटनाओं से आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ आरोपियों के घर के पास एकत्र होने लगी, जिससे गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। जान-माल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक न्यूनतम बल का प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया गया।

इस दौरान 7 पुलिस जवान घायल हुए, जिनमें से एक को रायपुर स्थित रामकृष्ण केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजिम में उपचाररत हैं। वहीं दो ग्रामीण घायलों में राजू खान का वीवाय अस्पताल रायपुर तथा अनवर खान का मेकाहारा में इलाज जारी है।

पुलिस प्रशासन के अनुसार वर्तमान में गांव की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। थाना प्रभारी राजिम स्वयं मौके पर मौजूद हैं और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

प्रशासन ने ग्रामीणों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने, सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *