नलकूप की खुदाई के बाद भी अधूरा पड़ा काम, पानी के लिए रात में 700 मीटर दूर जाने को मजबूर महिलाएं।

न्यूज पढ़ें और दोस्तों के साथ शेयर करें

•नलकूप की खुदाई के बाद भी अधूरा पड़ा काम, पानी के लिए रात में 700 मीटर दूर जाने को मजबूर महिलाएं।

•चिंगराभाठा के वार्ड क्रमांक 8 स्थित घुमेरजोर में पेयजल की समस्या, ग्रामीणों ने जल्द नलकूप चालू कराने की मांग की।

चिंगराभाठा। गरियाबंद जिले के ग्राम पंचायत गंगराजपुर के अंतर्गत ग्राम चिंगराभाठा के वार्ड क्रमांक 8 स्थित घुमेरजोर में नलकूप निर्माण के लिए लगभग 2 महीने पहले खुदाई का कार्य कराया गया था। लेकिन खुदाई के बाद अब तक नलकूप निर्माण का शेष कार्य पूरा नहीं हो पाया है। इसके कारण घुमेरजोर में रहने वाले परिवारों को पेयजल के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार घुमेरजोर में खेत साइट पर लगभग चार घर हैं। यहां रहने वाले परिवारों को पानी के लिए गांव की मुख्य बस्ती की ओर जाना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार कई बार महिलाओं को रात के समय भी लगभग 700 मीटर दूर जाकर पानी लाना पड़ता है। इससे महिलाओं और परिवारों को काफी परेशानी होती है।

ग्रामीणों का कहना है कि नलकूप की खुदाई होने के बाद उम्मीद थी कि जल्द ही उसका बाकी निर्माण कार्य पूरा कर नलकूप को चालू कर दिया जाएगा। लेकिन करीब 2 महीने बीत जाने के बाद भी कार्य पूरा नहीं होने से पानी की समस्या जस की तस बनी हुई है।

स्थानीय ग्रामीणों द्वारा पंचायत प्रतिनिधियों से कई बार नलकूप के शेष कार्य को पूरा कराने के संबंध में जानकारी लेने की बात कही गई है। ग्रामीणों के अनुसार उन्हें जल्द कार्य पूरा कराने का आश्वासन दिया जाता रहा है, लेकिन अभी तक नलकूप चालू नहीं हो पाया है।

ग्रामीणों ने संबंधित पंचायत से मांग की है कि नलकूप निर्माण के लंबित कार्य को जल्द पूरा कराकर उसे चालू किया जाए, ताकि घुमेरजोर में रहने वाले परिवारों को पानी के लिए रात में दूर न जाना पड़े। ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल लोगों की मूलभूत आवश्यकता है और इस समस्या का जल्द समाधान होना चाहिए।

ग्रामीणों ने पंचायत से नलकूप निर्माण की वर्तमान स्थिति तथा कार्य पूरा होने की संभावित समय-सीमा की स्पष्ट जानकारी देने की भी मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *