

सरनाबहाल स्कूल में अमलीपदर पुलिस ने चलाया विशेष जागरूकता अभियान, छात्रों को दिए साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति के टिप्स।
विशेष संवाददाता, मैनपुर (गरियाबंद)गरियाबंद जिला पुलिस कप्तान के निर्देशन में क्षेत्र के युवाओं और विद्यार्थियों को अपराधों से बचाने तथा जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरनाबहाल में एक दिवसीय ‘साइबर जागृति एवं नशा मुक्ति शिविर’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अमलीपदर थाना प्रभारी बी. आर. ध्रुव ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और नशे के घातक परिणामों की जानकारी दी।
ऑनलाइन सुरक्षा: ओटीपी और अनजान लिंक से रहें सावधान
शिविर में थाना प्रभारी बी. आर. ध्रुव ने कहा कि डिजिटल युग में इंटरनेट का सतर्कतापूर्वक उपयोग करना अनिवार्य है। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर किसी अज्ञात व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें तथा लॉटरी या इनाम के प्रलोभन में न आएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बैंक खाता संख्या, एटीएम पिन या ओटीपी (OTP) किसी से भी साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो वह तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराए।स्वास्थ्य और भविष्य के लिए अभिशाप है नशा
साइबर अपराधों के साथ-साथ पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को नशे के प्रति भी सतर्क किया। थाना प्रभारी ने कहा कि नशा न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि सुंदर भविष्य और हंसते-खेलते परिवार को भी नष्ट कर देता है।
उन्होंने बच्चों से जीवनभर नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
क्षेत्र के सभी स्कूलों में आयोजित होंगे शिविर
थाना प्रभारी ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशानुसार यह अभियान अमलीपदर क्षेत्र के सभी शासकीय व निजी प्राथमिक, माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में क्रमबद्ध तरीके से चलाया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी को जिम्मेदार नागरिक बनाया जा सके।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पुलिस बल के सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। पुलिस की इस पहल की ग्रामीणों और स्कूल प्रशासन ने सराहना की है।












Leave a Reply