
उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में बड़ी कार्रवाई: ग्राम पंचायत सचिव के घर छापा, अवैध सागौन चिरान और पलंग जब्त।
गरियाबंद: उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व गरियाबंद के भीतर वन विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से भंडारित बेशकीमती सागौन की लकड़ी और उससे बने फर्नीचर को जब्त किया है। यह कार्रवाई ग्राम पंचायत कोयबा के सचिव मनोज कुमार साहू के इंदागांव स्थित निजी निवास पर छापा मारकर की गई।
गुप्त सूचना पर जारी हुआ सर्च वारंट: प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्य वन संरक्षक एवं क्षेत्र संचालक (रायपुर) श्री गुरुनाथन एन. तथा उप निदेशक श्री वरुण जैन के कुशल निर्देशन में वन विभाग को इस अवैध भंडारण की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर सहायक संचालक उदंती (मैनपुर) श्री गोपाल कश्यप द्वारा सर्च वारंट क्रमांक-20 (दिनांक 04.08.2026) जारी किया गया।
जनप्रतिनिधियों के समक्ष जब्ती: सर्च वारंट के तहत वन विभाग की संयुक्त टीम ने आरोपी सचिव मनोज कुमार साहू के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर से इमारती प्रजाति सागौन के 15 नग चिरान (कटी हुई लकड़ी) और चिरान से निर्मित 02 नग पलंग पाटा बरामद किया गया। जब्त की गई कुल लकड़ी का माप 0.367 घन मीटर आंका गया है। टीम ने ग्राम इंदागांव के स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पंचनामा बनाकर पूरी सामग्री को विधिवत जब्त कर लिया।
कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज: वन विभाग ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 तथा काष्ठ चिरान अधिनियम 1984 की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। विभाग द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है।
कार्रवाई में शामिल रही संयुक्त टीम
इस सफल और मुस्तैद कार्रवाई में इंदागांव परिक्षेत्र अधिकारी श्री सुशील कुमार सागर, दक्षिण उदंती वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री चन्द्रबली ध्रुव, उपवनक्षेत्रपाल श्री राकेश सिंह परिहार, और वनरक्षक श्री मनोज ध्रुव, श्री विरेन्द्र कुमार ध्रुव, श्री टकेश्वर देवांगन, श्री रुस्तम यादव, श्री रामकृष्ण साहू, सुश्री जय ललीता ध्रुव व सुश्री पामेश्वरी की मुख्य भूमिका रही। इसके साथ ही पेट्रोलिंग श्रमिक श्री देवीसिंग यादव, श्री पुनीत राम ध्रुव, श्रीमती जानकी बाई ठाकुर और इंदागांव (धुरवागुड़ी) बफर व दक्षिण उदंती परिक्षेत्र के सुरक्षा श्रमिकों का विशेष योगदान रहा।













Leave a Reply