20 मई को राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद का आह्वान गंभीर मरीजों से दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने की अपील।

न्यूज पढ़ें और दोस्तों के साथ शेयर करें

20 मई को राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद का आह्वान गंभीर मरीजों से दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने की अपील।

न्यूज़ रिलीज़ संवाददाता,गरियाबंद, 19 मई 2026/राष्ट्रीय संगठन ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर 20 मई 2026 को देशभर में एकदिवसीय राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद रखा जाएगा। संगठन के अंतर्गत देशभर में लगभग 12 लाख 40 हजार से अधिक केमिस्ट एवं औषधि वितरक जुड़े हुए हैं। ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में किए जा रहे इस बंद को लेकर जिला गरियाबंद केमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट संघ द्वारा भी कलेक्टर कार्यालय में अग्रिम सूचना का ज्ञापन सौंपा गया है। संभावित स्थिति को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सह उपसंचालक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग गरियाबंद ने जिलेवासियों से आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
विभाग ने मधुमेह, रक्तचाप, अस्थमा, हृदय रोग, कैंसर, मिरगी सहित अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों से नियमित उपयोग की दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक पहले से खरीदकर रखने का अनुरोध किया है। साथ ही जीवनरक्षक दवाइयों, मौसम संबंधी आवश्यक दवाइयों एवं बच्चों की दवाओं को भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने की सलाह दी गई है। आपातकालीन स्थिति में नागरिकों को नजदीकी अस्पताल, जिला चिकित्सालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से संपर्क करने को कहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों एवं श्री धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स को 20 मई को 24 घंटे खुला रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि आम लोगों को दवाइयों की उपलब्धता बनी रहे। विभाग ने बताया कि कुछ निजी दवा विक्रेता, जैसे अपोलो फार्मेसी एवं कुछ श्री धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स बंद में शामिल नहीं होंगे और आवश्यकता पड़ने पर वहां से दवाइयां प्राप्त की जा सकती हैं। दवाइयों की अनुपलब्धता की स्थिति में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के टोल फ्री नंबर 93405-97097, 76972-07866 पर संपर्क किया जा सकता है। इसी प्रकार विभिन्न मेडिकल स्टोर्स के संचालकों की जानकारी उपलब्ध कराई गई है जिनमें श्री राम मेडिकल स्टोर्स, राजिम के गुहाराम सोनकर (मो. 9926142121); साहू मेडिकल स्टोर्स, फिंगेश्वर के राजेश साहू (मो. 9826555079); श्रीराम मेडिकल स्टोर्स, छुरा के देव वर्मा (मो. 9098700916); एकता मेडिकल स्टोर्स, गरियाबंद के नितिन गुप्ता (मो. 7000784508); श्री लक्ष्मी मेडिकल स्टोर्स, मैनपुर के मुकेश साहू (मो. 7999614697); आनंद मेडिकल स्टोर्स, अमलीपदर के अनुराग वाधे (मो. 7000185235); तथा सुधीर मेडिकल स्टोर्स, देवभोग के सुधीर पटेल (मो. 9691783076) अपनी सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने जिला दवा विक्रेता संघ से शांतिपूर्ण एवं वैध तरीके से बंद का समर्थन करने, आपातकालीन एवं जीवनरक्षक दवाइयों की आपूर्ति बनाए रखने, अफवाहों से बचने तथा स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *