
भारत माता के जयघोष से गूंजा खोखमा कृषि उपार्जन केंद्र, शान से लहराया तिरंगा।
ध्रुवागुड़ी/ गरियाबंद|स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आदिमजाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित खोखमा (ध्रुवागुड़ी) का कृषि उपार्जन केंद्र राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। देशभक्ति के जोश और राष्ट्रीय गौरव के बीच भारत माता के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम में तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के छायाचित्र एवं राष्ट्रीय ध्वज की विधिवत पूजा-अर्चना तथा पुष्पमाला अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात जनपद पंचायत सदस्य एवं आदिमजाति सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष अभिराम ध्रुव ने पूरे सम्मान और गरिमापूर्ण वातावरण में ध्वजारोहण किया। जैसे ही तिरंगा आसमान में शान से लहराया, उपस्थित किसानों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने एक स्वर में “भारत माता की जय” और राष्ट्रभक्ति के जयघोष लगाए। इससे कृषि उपार्जन केंद्र का वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
इस अवसर पर समिति प्रबंधक सोहनलाल साहू, कांदाडोंगर मंडल भाजपा उपाध्यक्ष तिरेश प्रधान, पिछड़ा वर्ग किसान मोर्चा भाजपा अध्यक्ष नकुल राम यादव, कांदाडोंगर मंडल पिछड़ा वर्ग मोर्चा भाजपा रुसुराम बीसी, जनपद सदस्य किशोर मांझी, ग्राम के माटी पुजारी नाभोराम नागेश, भाजपा वरिष्ठ कार्यकर्ता दयाराम मांझी, कांदाडोंगर मंडल युवा मोर्चा भाजपा दीपक सागर, किसान टंकधर ध्रुवा एवं करीम बेग, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एनजीओ प्रकोष्ठ भाजपा टेलू राम कश्यप, सहित समिति के समस्त कर्मचारी तथा आसपास के किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
”राष्ट्र प्रथम का लिया संकल्प”
ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित नागरिकों एवं किसानों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता और गौरव को सर्वोपरि रखते हुए देश की प्रगति में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का दिन है, जिनके अदम्य साहस से देश को स्वतंत्रता मिली।
कृषि उपार्जन केंद्र में गूंजते देशभक्ति के नारों और लहराते तिरंगे ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया। “राष्ट्र प्रथम, कर्तव्य सर्वोपरि” की भावना के साथ आयोजित कार्यक्रम ने ग्रामीण अंचल में राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश दिया।












Leave a Reply