
•सियान सेवा सदन में आयोजित हुआ विधिक साक्षरता शिविर।
•राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में वरिष्ठ नागरिकों को दी गई कानूनी अधिकारों एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी।
किशन सिन्हा छुरा गरियाबंद। गरियाबंद।समाज कल्याण विभाग गरियाबंद के सहयोग तथा प्रेरक समिति गरियाबंद के संस्था प्रमुख आर. जी. सिन्हा के मार्गदर्शन में संचालित सियान सेवा सदन (वृद्धाश्रम) भिलाई में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशन एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के मार्गदर्शन में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों, शासकीय योजनाओं तथा आवश्यक विधिक सहायता संबंधी जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों बी. आर. साहू, गंगा पटेल तथा खुशबू जैन ने सियान सेवा सदन में निवासरत वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने वृद्धजनों की दैनिक दिनचर्या, स्वास्थ्य संबंधी स्थिति तथा उनके पारिवारिक परिवेश के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के संबंध में आवश्यक सुझाव भी दिए।
शिविर में उपस्थित न्यायिक अधिकारियों ने वरिष्ठ नागरिकों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की कानूनी आवश्यकता या समस्या आने पर उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों एवं उनके संरक्षण से संबंधित प्रावधानों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के दौरान सियान सेवा सदन के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे। उपस्थितजनों ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविरों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया। विधिक साक्षरता शिविर के माध्यम से वृद्धजनों को कानून, अधिकारों तथा शासकीय सुविधाओं के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण प्रयास किया गया।












Leave a Reply