
•ग्राम पंचायत हसौद में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई।
•भव्य रैली, माल्यार्पण, आतिशबाजी व स्वल्पाहार का आयोजन।
संवाददाता- संदीप कश्यप |सक्ती, 14 अप्रैल 2026|ग्राम पंचायत हसौद में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
मंडी चौक हसौद से भव्य रैली निकाली गई, जो मुख्य अंबेडकर चौक तक पहुंची। रैली में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा, महिलाएं एवं बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। रैली में बाबा साहब के चित्र को सुसज्जित कर “जय भीम” के नारों के साथ पूरे गांव का भ्रमण किया गया। जगह-जगह ग्रामीणों द्वारा रैली का स्वागत भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बाबा साहब की प्रतिमा एवं चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके बताए मार्ग, संविधान की प्रस्तावना एवं उनके विचारों को स्मरण किया। साथ ही कैंडल जलाकर एवं केक काटकर जयंती मनाई गई।
अंबेडकर चौक में सुबह से ही भव्य तैयारियां की गई थीं। श्रद्धालुओं के लिए हलवा, पूड़ी, मिठाई, केला, सेव सहित प्रसाद एवं स्वल्पाहार का वितरण किया गया। वहीं पूरे गांव के चौक-चौराहों पर आतिशबाजी की गई और घरों में दीप व रंगोली सजाकर जयंती का उत्सव मनाया गया।
डीजे की धुन पर बच्चे, युवा और बुजुर्ग झूमते नजर आए। कार्यक्रम के दौरान बाबा साहब के जीवन, संघर्ष एवं उनके द्वारा दिए गए सामाजिक समानता और न्याय के संदेशों पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में निर्मल सिन्हा (पूर्व विधायक) एवं जिला पंचायत सदस्य सुशीला सिन्हा उपस्थित रहीं। साथ ही ग्राम पंचायत हसौद के सरपंच एवं प्रतिनिधि अनसुईया कैलाश बंजारे भी कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी ने बाबा साहब के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।











Leave a Reply