हसौद के छात्र लिकेश भार्गव ने शाहिद नंद कुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़ में किया टॉप, 78.6% अंक प्राप्त कर बढ़ाया क्षेत्र का मान।

न्यूज पढ़ें और दोस्तों के साथ शेयर करें

हसौद के छात्र लिकेश भार्गव ने शाहिद नंद कुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़ में किया टॉप, 78.6% अंक प्राप्त कर बढ़ाया क्षेत्र का मान।


सक्ती – शासकीय नवीन महाविद्यालय हसौद के लिए गर्व का विषय सामने आया है, जहां एम.ए. हिंदी साहित्य (चतुर्थ सेमेस्टर) के छात्र लिकेश भार्गव ने शहीद नंद कुमार पटेल विश्वविद्यालय, रायगढ़ की परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर न केवल अपने महाविद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लिकेश भार्गव ने कुल 1600 अंकों में से 1249 अंक अर्जित कर 78.6 प्रतिशत अंक हासिल किए, जो इस सत्र में विश्वविद्यालय स्तर पर सर्वोच्च रहा। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता से महाविद्यालय परिसर में हर्ष का माहौल है।

लिकेश की इस उपलब्धि पर शासकीय नवीन महाविद्यालय हसौद के प्राचार्य ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम छात्र की लगन, अनुशासन एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन का प्रतिफल है। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें निरंतर प्रोत्साहित किया जाता है, जिससे वे उच्चतम शिखर तक पहुंच सकें।

प्राध्यापकगणों ने भी लिकेश की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए इसे अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि लिकेश शुरू से ही एक मेधावी एवं परिश्रमी छात्र रहे हैं, जिन्होंने अपनी नियमित पढ़ाई और लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प के बल पर यह सफलता हासिल की है।

इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी खुशी जाहिर करते हुए लिकेश को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, लिकेश के माता-पिता ने भी अपने पुत्र की इस सफलता पर गर्व व्यक्त किया तथा इसके लिए शिक्षकों एवं महाविद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।

महाविद्यालय प्रशासन ने इस उपलब्धि को पूरे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी इससे प्रेरणा लेने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *