जनकल्याणकारी योजनाओं से रूबरू करा रही राजिम कुंभ कल्प की प्रदर्शनी महिला, किसान और विकास योजनाओं की जानकारी से सजी विभागीय स्टॉल

न्यूज पढ़ें और दोस्तों के साथ शेयर करें



राजिम । शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से राजिम कुंभ कल्प मेला में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई है। नवीन मेला मैदान के स्थानीय मंच के समीप बने प्रदर्शनी स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों और विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
प्रदर्शनी में विभागों की योजनाओं को सरल और आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। योजनाओं से जुड़ी पात्रता, लाभ, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी आमजन को दी जा रही है, जिससे पात्र हितग्राही योजनाओं का सीधा लाभ उठा सकें। प्रदर्शनी में उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा शासन की मंशा और जनकल्याणकारी प्रयासों को प्रभावी रूप से आमजन के समक्ष प्रस्तुत कर रहे हैं।
प्रदर्शनी में “आस्था का सम्मान, संस्कृति का निर्माण” थीम के तहत भगवान श्रीराम के मंदिर के आकर्षक स्वरूप में सजाया गया है। इसके अलावा महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई है। इसमें सरकारी नौकरियों में महिलाओं को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट, लगभग 32 हजार पदों पर भर्ती, 34 नगरीय निकायों में नॉलेज बेस्ड सोसायटी के लिए लाइट हाउस निर्माण की पहल, 179 महतारी सदन निर्माण हेतु 52 करोड़ 20 लाख रुपये की स्वीकृति तथा महतारी वंदन योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता राशि जैसी जानकारियां शामिल हैं।
इसके अलावा प्रदर्शनी में किसान कल्याण, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास एवं पर्यटन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आदिवासी कल्याण, राज्य में सड़क विकास कार्यों सहित “मोदी की गारंटी से संवरेगा छत्तीसगढ़” जैसे संदेशों के माध्यम से शासन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है। प्रदर्शनी में प्रदर्शित जानकारियां आमजन को न केवल जागरूक कर रही हैं, बल्कि शासन की योजनाओं से जोड़ने का भी कार्य कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *