अमलीपदर में तेज रफ्तार का कहर, बाइक सवार गंभीर रूप से घायल।
गरियाबंद|अमलीपदर क्षेत्र में तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। अमलीपदर में हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सामने से तेज गति में आ रहे एक पिकअप वाहन को साइड देने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे यह हादसा हुआ।


हादसे में घायल व्यक्ति की पहचान मुडगेल माल क्षेत्र निवासी के रूप में की जा रही है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल से करीब 10 मीटर की दूरी पर बाइक (CG23 H 1556) पड़ी मिली, बाइक सवार के सिर में गंभीर चोट आई है, जिसके चलते वह मौके पर ही बेहोश हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही 108 एंबुलेंस को बुलाया गया और घायल को अमलीपदर के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
हादसे के बाद मानवीय संवेदना की मिसाल पेश करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता हलमन सिंह धुर्वा मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल को पानी पिलाया, उसे संभालते हुए हालचाल जाना और तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाने में अहम भूमिका निभाई।

गौरतलब है कि हाल ही में पुलिस प्रशासन द्वारा क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाए गए थे। लोगों को यातायात नियमों के पालन की समझाइश दी गई, बावजूद इसके तेज रफ्तार और लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है। सड़क पर ज़रूरत से ज्यादा तेज वाहन चलाना न सिर्फ खुद की बल्कि दूसरों की जान को भी जोखिम में डाल रहा है।
यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि जागरूकता अभियानों के बावजूद लोग कब तक नियमों को नजरअंदाज करते रहेंगे और कब सड़क सुरक्षा को गंभीरता से लेंगे।












Leave a Reply