गरियाबंद:_ जनपद क्षेत्र के लिए यह क्षण केवल खुशी का नहीं, बल्कि गर्व और सम्मान का प्रतीक बन गया है। साधारण ग्रामीण परिवेश से निकलकर चार होनहार युवाओं ने देश की सेवा और सुरक्षा के लिए चयनित होकर पूरे अंचल का नाम रोशन किया है। जैसे ही इन युवाओं के चयन की सूचना क्षेत्र में पहुंची, गांव-गांव में हर्ष, उत्साह और देशभक्ति का माहौल बन गया।
कड़ी मेहनत, अनुशासन और अटूट संकल्प के बल पर विकास बघेल का चयन सीमा सुरक्षा बल (BSF) में, जबकि गोरेन्द्र कुमार, मोतीराम एवं जितेश कुमार पोर्ते का चयन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में हुआ है। इन चारों युवाओं ने यह सिद्ध कर दिया कि लक्ष्य के प्रति समर्पण हो तो ग्रामीण अंचल से भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।
इनकी सफलता ने न केवल इनके परिवारजनों को गौरवान्वित किया है, बल्कि पूरे जनपद क्षेत्र का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। युवाओं की इस उपलब्धि को क्षेत्र के लोग आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत मान रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इन जवानों ने यह साबित कर दिया कि जनपद क्षेत्र प्रतिभा और साहस से परिपूर्ण है।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर जनपद सदस्य राकेश मुर्रा ने चयनित जवानों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता चार व्यक्तियों की नहीं, बल्कि पूरे जनपद की सामूहिक उपलब्धि है। इन युवाओं की लगन, संघर्ष और देशभक्ति युवाओं को सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।
जनपद सदस्य ने जवानों के माता-पिता और परिवारजनों को भी बधाई देते हुए कहा कि उनके संस्कार और मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि आज उनके बेटे देश की रक्षा की जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि सभी जवान देश सेवा के पथ पर सदैव सुरक्षित, सफल और गौरवान्वित रहें।
क्षेत्रवासियों में यह विश्वास और मजबूत हुआ है कि जनपद की धरती से निकलकर ऐसे और भी युवा भविष्य में देश सेवा के लिए आगे आएंगे और क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय फलक पर और अधिक उज्ज्वल करेंगे।













Leave a Reply