आपात स्थिति में एंबुलेंस तक का रास्ता नहीं प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल
गरियाबंद:_ जिले के एकमात्र धान संग्रहण केंद्र कुंडेल में इन दिनों धान परिवहन के लिए पहुंचे ट्रकों की बेतरतीब कतारों ने पूरे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को ठप कर दिया है। ट्रकों की लंबी लाइन के कारण आसपास की सड़कें पूरी तरह जाम हो गई हैं, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हालात ऐसे हैं कि ना किसी वाहन को साइड मिल पा रही है, ना ही किसी को आने-जाने का रास्ता। सड़कें पूरी तरह खचाखच भरी हुई हैं। स्थिति यह है कि यदि कहीं दुर्घटना या आपातकालीन घटना घटित हो जाए, तो एम्बुलेंस के पहुंचने तक का मार्ग उपलब्ध नहीं है, यहां तक कि मोटरसाइकिल निकालना भी मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रकों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा करने या नियंत्रित करने की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। ट्रक चालकों एवं संबंधित एजेंसियों द्वारा जिम्मेदारीपूर्वक कार्य न किए जाने से यह अराजक स्थिति बनी हुई है। वहीं धान संग्रहण केंद्र परिसर के भीतर और बाहर यातायात प्रबंधन पूरी तरह नाकाम नजर आ रहा है।
बताया जा रहा है कि अभी भी बड़ी मात्रा में धान का परिवहन शेष है, जबकी धान खरीदी केंद्रों में धान खरीदी का कार्य लगातार जारी है। ऐसे में यदि समय रहते उचित प्रबंधन नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में हालात और अधिक बिगड़ सकते हैं।
क्षेत्रवासियों ने शासन-प्रशासन, जिले के संबंधित अधिकारियों एवं जिला प्रशासन के मुखिया से मांग की है कि ट्रकों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था, सुनियोजित प्रवेश-निकास प्रणाली तथा यातायात नियंत्रण के लिए पुलिस बल की तैनाती की जाए, ताकि सड़कों पर जाम की स्थिति न बने और आम लोगों का आवागमन सुचारू रूप से चल सके।
लोगों का कहना है कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया, तो यह अव्यवस्था किसी बड़ी दुर्घटना को न्योता दे सकती है। ऐसे में प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेकर ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।













Leave a Reply