Braking News – बाहर काम कर रहे मजदूरों के नाम पर दर्ज हुई हाजिरी, ग्रामीणों ने की जांच की मांग।
ठाकुर राम, रायपुर|गरियाबंद – ब्लॉक मैनपुर के ग्राम पंचायत सागड़ा में मनरेगा योजना के तहत चल रहे कार्यों में गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि डाबरी खनन और मेड़बंदी जैसे कार्यों में ऐसे मजदूरों की हाजिरी दर्ज की गई है, जो या तो बाहर राज्यों में काम कर रहे हैं या फिर कभी कार्यस्थल पर पहुंचे ही नहीं।

ग्रामीणों के अनुसार, मास्टर रोल में जिन मजदूरों के नाम दर्ज हैं, वे वास्तविक रूप से काम करते नजर नहीं आए। इसके बावजूद उनकी पूरी हाजिरी दिखाई गई और मजदूरी भुगतान भी दर्शाया गया है। मास्टर रोल में मनकैबाई, प्रभुलाल, डिगलेश, भीखलाल, चारोबाई, चंद्रिका, हिरासन, नीलेंद्री, ममिता, प्रेमलाल, नूरपति, पुस्तम, रूपरेखा, थकित, जामवंती, उधव, नवीना, समिता, मुकेश सहित कई अन्य नाम दर्ज बताए जा रहे हैं।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि 5 से 11 तारीख के बीच आशाबाई के डाबरी खनन कार्य और भानुमति, हेमलता व वेदराज के मेड़बंदी कार्यों में एक ही मजदूर का नाम एक ही दिन में अलग-अलग कार्यों में दर्ज किया गया। इससे यह सवाल खड़ा हो रहा है कि एक मजदूर एक दिन में एक से अधिक स्थानों पर काम कैसे कर सकता है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह पूरा मामला फर्जी मास्टर रोल तैयार कर सरकारी राशि के दुरुपयोग की ओर इशारा करता है। आरोप है कि अब तक न तो रोजगार सहायक पर कोई कार्रवाई हुई है और न ही पंचायत स्तर पर जिम्मेदारी तय की गई है।
इस मामले में जब मीडिया टीम ने मैनपुर ब्लॉक के पीओ और सीईओ डी.एस. नागवंशी से बात की, तो उन्होंने कहा कि शिकायत की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि केवल एक पंचायत तक जांच सीमित न रखकर पूरे ब्लॉक में मनरेगा कार्यों की समीक्षा होनी चाहिए, ताकि ऐसी अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। फिलहाल ग्रामीण निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।












Leave a Reply