नशे की हालत में बाइक चलाने की लापरवाही आई सामने, निर्दोष लोग हुए घायल, पुलिस ने तत्काल पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
गरियाबंद| छुरा से समीपस्थ कोसुमबुड़ा मोड़ के पास शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसने एक बार फिर नशे में वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है। इस दुर्घटना में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार तमोरा निवासी जयकिशन सोनवानी उम्र 21 वर्ष गांव की ही लक्ष्मी दीवाना महिला के साथ अपने निजी कार्य से छुरा की ओर आ रहे थे। वे सामान्य गति से अपनी मोटरसाइकिल से यात्रा कर रहे थे, तभी कोसुमबुड़ा मोड़ के पास सामने से आ रही एक अन्य बाइक अचानक अनियंत्रित होकर उनकी बाइक से जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार दूसरी मोटरसाइकिल छुरा की ओर से अपने गांव रोबा (फिंगेश्वर) जा रहे नेहरू साहू चला रहा था, जो पूरी तरह नशे की हालत में था। बताया जा रहा है कि उसने शराब पीने के बाद वाहन चलाया और उसके पास शराब की शीशी भी मौजूद थी। नशे के कारण वह बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका और सीधी टक्कर हो गई। इस लापरवाही का खामियाजा न केवल उसे बल्कि सामने से आ रहे निर्दोष लोगों को भी भुगतना पड़ा।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को संभाला। घायलों की हालत को देखते हुए पुलिस ने देरी न करते हुए उन्हें अपने वाहन से छुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया।
यह घटना नशे में वाहन चलाने की गंभीरता को दर्शाने वाला एक ज्वलंत उदाहरण है। एक व्यक्ति की गैर-जिम्मेदाराना हरकत किस प्रकार अन्य लोगों की जान को खतरे में डाल देती है, यह इस हादसे से साफ झलकता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।















Leave a Reply