देवभोग के टिकरापारा गांव में 17 वर्षीय नाबालिग ने की आत्महत्या, खेत में पेड़ से लटका मिला शव

न्यूज पढ़ें और दोस्तों के साथ शेयर करें





डिग्लेश कुमार साहू गरियाबंद/देवभोग:_ थाना क्षेत्र के टिकरापारा गांव में रविवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। गांव निवासी सोहन मरकाम (17 वर्ष) ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। उसका शव गांव से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित उसके ही खेत में पेड़ से फांसी के फंदे पर झूलता हुआ मिला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोहन मरकाम रविवार दोपहर करीब 12 बजे नहाने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर उसकी तलाश शुरू की गई। खेत-खलिहान और डाबरी क्षेत्र में खोजबीन के दौरान रात करीब 10 बजे सोहन का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला।

पिता टेकश्याम मरकाम, तीन भाइयों में सबसे बड़ा था सोहन
मृतक सोहन मरकाम के पिता का नाम टेकश्याम मरकाम है। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके दोनों छोटे भाई अभी पढ़ाई कर रहे हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना रात में देवभोग पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके पश्चात शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
आत्महत्या के कारणों का नहीं हुआ खुलासा
फिलहाल नाबालिग द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
क्षेत्र में बढ़ती घटनाएं बनी चिंता का विषय
गौरतलब है कि देवभोग क्षेत्र में इसी माह इस तरह की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल है। नाबालिग की इस मौत ने समाज और प्रशासन के सामने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *